भिवंडी पुलिस की तेजी, एक दिन में कई मामलों का निपटाया


भिवंडी.दिनोंदिन बढ़ती शिकायतों और जन सामान्य को कोर्ट कचहरी के अनावश्यक चक्करों से बचाने के लिए भिवंडी पुलिस ने एक अनोखी पहल की। भिवंडी जोन-2 के पुलिस उपायुक्त राजकुमार शिंदे के मार्गदर्शन में विभिन्न पुलिस स्टेशनों में सामान्य शिकायत निवारण दिवस आयोजित कर पुलिस की मध्यस्तता में मामलों का निपटारा किया जा रहा है। इसी क्रम में शनिवार को यहां विभिन्न पुलिस स्टेशनों में लंबित कुल 43 शिकायतों का निवारण किया गया। पुलिस उपायुक्तालय द्वारा प्राप्त जानकारी के मुताबिक़ इस अवसर पर कोनगांव पुलिस के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक रमेश काटकर की देखरेख में 10 शिकायतों में से 5 शिकायतों का निवारण पुलिस निरीक्षक (अपराध) साबले व अन्य पुलिस कर्मचारियों की मौजूदगी में किया गया। इसी तरह शहर पुलिस स्टेशन के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक सुभाष कोकाटे की देखरेख में 7 पुरूष और 4 महिलाओं सहित कुल 11 मामलों में से 7 मामलों का निपटारा पुलिस निरीक्षक (प्रशासन) मनीष पाटिल और पुलिस उप निरीक्षक श्रीकांत पवार आदि की मौजूदगी में किया गया। नारपोली पुलिस स्टेशन में भी महिला शिकायत निवारण दिवस के जरिए वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक मालोजी शिंदे की देखरेख में 15 से 20 महिला और पुरुष शिकायतकर्ताओं के से 9 शिकायतों का निपटारा पुलिस निरीक्षक (प्रशासन) भालेराव और सहायक पुलिस निरीक्षक चव्हाण आदि पुलिस कर्मियों की मौजूदगी में किया गया। इसी तरह निजामपुरा पुलिस स्टेशन के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक विजय डोलस की देखरेख में 22 शिकायतकर्ताओं में से हाजिर 14 महिलाओं में से 4 मामलों का निपटारा किया गया। इसी तरह भोईवाड़ा पुलिस स्टेशन में भी पुलिस निरीक्षक (अपराध) नरेश पवार की देखरेख में 10-12 महिला-पुरूष शिकायतकर्ताओं की कुल 4 शिकायतों का निवारण किया गया। इसी तरह शांतिनगर पुलिस स्टेशन में भी पुलिस निरीक्षक सचिन सांडभोर की देखरेख में 15 शिकायतकर्ता महिलाओं में से 10 हाजिर थीं। जिनमें 9 शिकायतों का निपटारा पुलिस निरीक्षक कबाड़ी और सहायक पुलिस निरीक्षक मोरे की उपस्थिति में किया गया।